देहरादून, 18 फरवरी।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है।
इसके अलावा बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि ऊंचाई वाले इलाकों में सीमित स्थानों पर हल्की मौसम गतिविधि हो सकती है, लेकिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



