नई दिल्ली, 16 फरवरी।
विश्व पुस्तक मेला 2027 के लिए स्टॉल और खाली जगह की बुकिंग हेतु ऑनलाइन पंजीकरण लिंक 16 फरवरी से सक्रिय कर दिया गया है, जो 31 मार्च तक खुला रहेगा।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) के अनुसार विश्व पुस्तक मेला 16 से 24 जनवरी 2027 को दिल्ली स्थित भारत मंडपम के हॉल 2-6 में आयोजित होगा और इसे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में एनबीटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जबकि भारत व्यापार संवर्धन संगठन इसका सह-आयोजक और वेन्यू पार्टनर है।
मेले के 54वें संस्करण में थीम पैवेलियन, चिल्ड्रंस पैवेलियन, ऑथर्स कॉर्नर, अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स कॉर्नर, सांस्कृतिक प्रोग्राम और फेस्टिवल ऑफ फेस्टिवल्स जैसे खास प्रोग्राम होंगे। इसके अलावा बी2बी एंगेजमेंट और राइट्स एक्सचेंज को बढ़ावा देने के लिए मेले के साथ-साथ सीईओ स्पीक, इंटरनेशनल पब्लिशिंग कॉन्फ्रेंस और नई दिल्ली राइट्स टेबल भी आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि विश्व पुस्तक मेला पिछले पांच दशकों से प्रकाशन की दुनिया का प्रमुख कैलेंडर इवेंट रहा है, और एनडीडब्ल्यूबीएफ प्रदर्शकों को व्यवसाय के अवसर तलाशने, पुस्तकों का प्रचार करने तथा सह-प्रकाशन और अधिकारों पर बातचीत करने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करता है।



