भोपाल, 05 मार्च।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार रात की है। अज्ञात हमलावरों ने युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसका शव 80 फीट रोड स्थित बेस्ट प्राइस के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान अरविंद मीणा (19) पुत्र हल्केराम मीणा, निवासी प्रताप नगर, थाना निशातपुरा के रूप में हुई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के मुताबिक अरविंद एक गारमेंट्स दुकान में सेल्समैन के तौर पर काम करता था। बुधवार शाम तक वह मोहल्ले में अपने दोस्तों के साथ होली मना रहा था। इसके बाद वह अपने दोस्त विशाल ठाकुर उर्फ भूरा और सचिन के साथ घूमने के लिए घर से निकला था। परिवार का कहना है कि आखिरी बार अरविंद को इन्हीं दोनों दोस्तों के साथ देखा गया था, जबकि बाद में दोनों युवक अकेले ही मोहल्ले में वापस लौट आए।
देर रात सड़क किनारे मिला शव
देर रात अरविंद का शव बेस्ट प्राइस के पास 80 फीट रोड पर पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार कुछ लोग एक ऑटो से शव को वहां फेंककर फरार हो गए। युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता हल्केराम मीणा ने बताया कि बेस्ट प्राइस के पास भीड़ लगी देख वे वहां रुके। पास जाकर देखा तो सड़क पर उनके बेटे का शव पड़ा हुआ था।
पुलिस ने शुरू की जांच
निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गिरफ्तारी की मांग
मृतक के परिचितों और मोहल्ले के लोगों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



