नई दिल्ली, 13 फरवरी।
कांग्रेस ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) कार्यालय द्वारा 7 फरवरी को किए गए उस सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और चीन के कब्जे वाले अक्साई चिन समेत पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत के हिस्से के रूप में दिखाया गया था।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने इस पोस्ट को हटवाने का श्रेय लिया है। इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से अब तक कोई बयान क्यों नहीं आया, यह गंभीर सवाल है।
खेड़ा ने कहा, “मैंने पहले भी पूछा है और अब फिर पूछ रहा हूं कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आखिर करते क्या हैं? क्या उनका काम केवल अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भाषण देना है या भारत के हितों के लिए ठोस कदम उठाना भी है?”
अमेरिका द्वारा जारी किया गया नक्शा भारत के आधिकारिक नक्शे से मेल खाता था और इसमें पीओके एवं अक्साई चिन को विवादित क्षेत्र के रूप में दिखाने की पुरानी अमेरिकी परंपरा से अलग रुख अपनाया गया था। यह ग्राफिक भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा का हिस्सा था, जिसमें भारत द्वारा अमेरिकी निर्यात पर टैरिफ में कमी को दर्शाया गया था। हालांकि, कुछ दिन बाद उस पोस्ट को हटा दिया गया।



