बक्सर, 16 फ़रवरी।
इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत खेखसी गांव के बधार में सोमवार को एक घोड़परास पर दो आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में गेहूं के खेतों की पटवन चल रही थी और खेत में काफी नमी थी। गीले खेत में अकेला घोड़परास कुत्तों के निशाने पर आ गया। खेखसी निवासी किसान दिनेश यादव ने बताया कि कुत्तों ने घोड़परास को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसके कान व गर्दन पर काटकर लहूलुहान कर दिया। खेत में मौजूद पटवन कर रहे लोगों ने लाठी-डंडे के सहारे कुत्तों को खदेड़ा, लेकिन तब तक वह बुरी तरह जख्मी हो चुका था।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। क्षेत्र पदाधिकारी सुरेश कुमार के निर्देश पर पहुंची टीम ने घायल घोड़परास को वाहन से नावानगर रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वन विभाग ने लोगों से वन्य जीव दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।



