बलिया, 19 फरवरी।
गुरुवार सुबह बैरिया थाने को सूचना मिली कि 28 वर्षीय रवि गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता निवासी रानीगंज ने अपने घर में आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घर की तलाशी के दौरान ऊपरी मंजिल पर दो दिनों से लापता 62 वर्षीय रेखा किन्नर की खून से लथपथ लाश भी मिली। रानीगंज के किन्नरों ने पहले ही रेखा किन्नर की गुमशुदगी की रिपोर्ट बैरिया थाने में दर्ज करवाई थी।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि 17 फरवरी से लापता किन्नर की तलाश चल रही थी और सुबह बैरिया इंस्पेक्टर को जानकारी मिली कि रवि गुप्ता ने आत्महत्या कर ली है। तीन मंजिले घर की छत पर पालीथीन में लिपटी रेखा किन्नर की लाश भी मिली। सीसीटीवी फुटेज में रेखा अंतिम बार विजय गुप्ता के घर जाते दिखाई दिए, लेकिन बाहर जाते समय का कोई वीडियो नहीं है। रेखा के साथी किन्नरों ने विजय गुप्ता, उनके पुत्र रवि और बहू समेत परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।



