भीलवाड़ा, 18 फरवरी।
राजस्थान के भीलवाड़ा स्थित हरि सेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में 19 से 26 फरवरी तक आठ दिवसीय ‘सनातन मंगल महोत्सव’ और दीक्षा-दान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
आश्रम के महंत महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य सनातन परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं को एक मंच पर संगठित करना है। आयोजन की शुरुआत 19 फरवरी को श्रीमद्भागवत कलश यात्रा से होगी, जो संकटमोचन हनुमान मंदिर (पोस्ट ऑफिस के सामने) से प्रारंभ होकर आश्रम परिसर पहुंचेगी।
19 से 25 फरवरी तक वृंदावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुंदर पाराशर प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। इस दौरान पंचकुंडीय श्री विष्णु महायज्ञ, अष्टोत्तर शत भागवत मूल पाठ, अखंड श्रीमद्भगवद्गीता पाठ, रामचरितमानस पाठ, रामनाम संकीर्तन और वेद पारायण जैसे धार्मिक अनुष्ठान होंगे। प्रतिदिन शाम को गंगा आरती और वृंदावन की मंडली द्वारा रासलीला का मंचन भी किया जाएगा।
26 फरवरी को आश्रम में रह रहे तीन ब्रह्मचारी—इन्द्रदेव, सिद्धार्थ और कुनाल—को विधिवत दीक्षा दी जाएगी। 25 फरवरी को संत दर्शन एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी।
आश्रम प्रबंधन के अनुसार विभिन्न पीठों और आश्रमों से संतों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रण भेजा गया है। आयोजन को लेकर भंडारा, आवास, जल, बिजली और सुरक्षा के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।



