भागलपुर, 26 फ़रवरी।
बिहपुर विस के भाजपा विधायक इँ. शैलेंद्र ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों का पालन न करना मुख्य कारण है। फोरलेन सड़क निर्माण के बाद दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।
विधायक ने बताया कि गंगा पर बने भागलपुर विक्रमशिला सेतु के माध्यम से दक्षिण बिहार और झारखंड जुड़ा है, वहीं बिहपुर से वीरपुर तक एनएच 106 पुल और सड़क निर्माण के बाद अंगप्रदेश क्षेत्र मिथिला से सीधे जुड़ेगा।
उन्होंने कहा कि खगड़िया से पूर्णिया तक NH-31 फोरलेन परियोजना का डीपीआर पूरा हो चुका है। 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए 890 हेक्टेयर भूमि आवश्यक है, जिसमें से 770 हेक्टेयर उपलब्ध है और 120 हेक्टेयर अधिग्रहित की जाएगी। कुल अनुमानित लागत 1300 करोड़ रुपये है।
परियोजना खगड़िया से शुरू होकर महेशखूंट, नारायणपुर, बिहपुर, नवगछिया और कुर्सेला होते हुए पूर्णिया तक जाएगी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने कहा कि राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल से वार्ता के बाद निर्माण जल्द शुरू होगा। इससे पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे समेत नया हाईवे भी उपलब्ध होगा।



