भागलपुर, 6 मार्च।
जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित आत्मा बाजार के जीवन वस्त्रालय में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो बदमाशों ने एक ग्राहक से बीस हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत सुल्तानगंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित श्याम रजक महेशी पैन के निवासी बताए जा रहे हैं।
पीड़ित ने बताया कि वह सुल्तानगंज स्थित स्टेट बैंक से बीस हजार रुपये निकालने के बाद आत्मा बाजार के जीवन वस्त्रालय में कपड़े खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे और बीस हजार रुपये छीनकर भाग निकले।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।



