लखनऊ, 07 मार्च।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की शनिवार को अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। वह लखनऊ से कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में समस्या आने के चलते हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ला मार्टिनियर ग्राउंड से उड़ान भरने के कुछ समय बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं दिखाई देने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए अमौसी एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार दिया।
इस घटना में उपमुख्यमंत्री समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षित लैंडिंग के बाद अब केशव प्रसाद मौर्य को दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशाम्बी भेजने की तैयारी की जा रही है।
साथ ही हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।



