लखनऊ, 07 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में शनिवार को तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में सवार उपमुख्यमंत्री सहित सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके बाद वे दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का शनिवार को कौशांबी जिले में कार्यक्रम निर्धारित था। वह सुबह हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। उनका हेलीकॉप्टर लखनऊ स्थित सरकारी आवास कालिदास मार्ग के पास लामार्ट स्कूल के मैदान से उड़ा था। मैदान से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलट को तकनीकी खराबी का संकेत मिला और हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं भरने लगा। उस समय तक हेलीकॉप्टर रायबरेली के बछरावां क्षेत्र तक पहुंच चुका था। पायलट ने स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ की ओर मोड़ दिया और अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार केशव प्रसाद मौर्य को शनिवार को कौशांबी में कई कार्यक्रमों में शामिल होना था, जिसके लिए वह सुबह हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे। बछरावां के पास पहुंचने पर पायलट को तकनीकी खराबी का आभास हुआ और एहतियात के तौर पर नजदीकी हवाई अड्डे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर तुरंत लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर में सवार उपमुख्यमंत्री समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। अचानक आई खराबी के कारण केबिन में धुआं भर गया था। फिलहाल इस घटना की जांच की जा रही है।
इसके कुछ समय बाद दूसरे हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई, जिससे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी के लिए रवाना हो गए। वह वहां आयोजित सरस महोत्सव में शामिल होने पहुंचे।



