लखनऊ, 19 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने गुरूवार को निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत से शिष्टाचार भेंट की, जहां सरसंघचालक ने संघ के प्रचारकों के साथ बैठक भी की।
सरसंघचालक डॉ. भागवत लखनऊ में तीन दिन से प्रवास पर हैं और गुरुवार उनके प्रवास का तीसरा व अंतिम दिन है। 17 फरवरी को वे निरालानगर के माधव सभागार में कुटुम्ब मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए, 18 फरवरी को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में शोधार्थियों के साथ संवाद किया और उसी दिन शाम को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रमुख जन गोष्ठी को संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डॉ. भागवत से भेंट की थी।



