आसनसोल, 13 मार्च।
दुर्गापुर के शहीद जवान अजय जायसवाल को शुक्रवार को उनके पैतृक निवास पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। भारतीय सेना के जवान अजय जायसवाल की मृत्यु जम्मू में सैन्य अभ्यास के दौरान तोप के गोले के फटने से हुई थी। दुर्गापुर के मामडा बाजार स्थित विद्यासागर पल्ली निवासी शहीद का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके घर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पार्थिव शरीर को विशेष विमान से अंडल एयरपोर्ट लाया गया था। वहां से इसे पानागढ़ स्थित आर्मी बेस कैंप ले जाया गया। शुक्रवार को फूलों से सजे ताबूत में शहीद का पार्थिव शरीर विशेष वाहन द्वारा उनके पैतृक निवास तक पहुंचाया गया। दुर्गापुर वासियों ने भारत माता की जय के नारों के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी। जवानों ने राइफल झुकाकर शोक व्यक्त किया और गन सैलूट कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर दुर्गापुर के एसडीएम सुमन विश्वास, नगर निगम प्रशासक बोर्ड के चेयरमैन आनंदित मुखर्जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। उन्होंने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। एसडीएम सुमन विश्वास ने कहा कि अजय जायसवाल भारतीय सेना में तैनात थे और उनकी मृत्यु एक दुःखद घटना है। दुर्गापुरवासियों को उनके सम्मान पर गर्व है, वहीं परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गईं। उन्होंने कहा कि एक जीवन इतनी जल्दी समाप्त हो जाना अत्यंत दुखद है।



