सुपौल, 27 फरवरी।
सुपौल शहर के लोहियानगर चौक पर शुक्रवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क किनारे फल और सब्जी की दुकानें लगाकर किए गए कब्जे को हटाया गया, जिससे चौक क्षेत्र को खाली कराया जा सका।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया और प्रशासनिक टीम से हल्की बहस भी हुई, लेकिन हालात शांतिपूर्ण बने रहे। दुकानदारों का कहना था कि वे वर्षों से यहां कारोबार कर परिवार चला रहे हैं और अचानक हटाए जाने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।
प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और जाम की समस्या से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए कि शहर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।



