यमुनानगर, 18 फ़रवरी।
यमुनानगर के दादुपुर हेड के पास नहर से एक नवजात बालक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि शव नवजात बालक का है और शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं हैं। हेड पर कार्यरत कर्मचारी ने शव देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बुडिया थाना की टीम स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि जांच में पाया गया कि शिशु हाल ही में जन्मा प्रतीत होता है और विस्तृत कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगे।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शिशु को नहर में किस परिस्थिति में डाला गया। इसके साथ ही क्षेत्र के अस्पतालों और दाइयों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि हाल के प्रसव मामलों का मिलान किया जा सके। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, और पुलिस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।


