जोधपुर, 07 मार्च 2026।
शहर के पास बोरानाडा क्षेत्र के अभिषेक नगर में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन लेनदेन के दौरान पांच लाख रुपये गलत खाते में ट्रांसफर हो गए। बाद में पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर बोरानाडा थाने में ऑनलाइन फ्रॉड का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उस अज्ञात खाते का पता लगाने में जुटी है जिसमें यह राशि चली गई।
पुलिस के अनुसार अभिषेक नगर निवासी जगदीश पुत्र मोतीराम जाट ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 4 मार्च को उसे ऑनलाइन माध्यम से अपने एक परिचित व्यक्ति के खाते में पांच लाख रुपये भेजने थे।
राशि ट्रांसफर तो कर दी गई, लेकिन बाद में पता चला कि यह रकम गलती से किसी दूसरे खाते में चली गई है। पीड़ित को यह भी जानकारी नहीं मिल पाई कि रुपये किस व्यक्ति के खाते में पहुंचे हैं।
पांच लाख रुपये गलत खाते में जाने की जानकारी मिलने के बाद उसने साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर बोरानाडा थाने में आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राशि किस खाते में ट्रांसफर हुई है।



