फर्रुखाबाद, 21 फरवरी।
कादरीगेट थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में तीन वर्षीय तेजस तिवारी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां पूजा तिवारी, दादी रीता तिवारी, बड़ा भाई चेतन तिवारी और ई-रिक्शा चालक सोनू घायल हो गए।
रोडवेज पुलिस चौकी प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा आवास विकास स्थित डायमंड पैलेस से घर लौट रहा था। बढ़पुर के क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के पास कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर से ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और सभी घायल हो गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तेजस को मृत घोषित किया। कार चालक घटना के बाद फरार हो गया, हालांकि उसकी पहचान पुलिस ने कर ली है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



