नोएडा, 16 फरवरी।
गौतमबुद्ध नगर थाना जेवर में एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगी एक सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पिछले तीन दिनों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिसर क्षेत्र में अवैध रूप से ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगे सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर कृष्णकांत पांडे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पिछले दो-तीन दिनों से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में अवैध रूप से ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं। ये ड्रोन गांव रनहेरा-कुरैब से झाझर रोड की दिशा से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करते हैं और कुछ समय पश्चात उसी दिशा में वापस चले जाते हैं।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के क्षेत्र को ड्रोन संचालन के लिए नो-ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया है और सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन उड़ाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की गतिविधियां एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, 289 और 125 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



