जोरहाट (असम), 20 फरवरी।
जोरहाट स्थित नॉर्थ ईस्टर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एनईआरआईएसटी) के परिसर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, संस्थान के एक भवन में आग लगी, लेकिन आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग से परिसर की संपत्ति को गंभीर नुकसान हुआ है। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।



