टम्बलर रिज (ब्रिटिश कोलंबिया) कनाडा, 11 फरवरी।
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर के सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर समेत आठ लोग मारे गए। इसके अलावा पास के एक घर से दो व्यक्तियों के शव भी बरामद हुए हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों का संबंध इस गोलीबारी से है। यह जानकारी रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने मंगलवार को दी।
द कैनेडियन प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, आरसीएमपी ने बताया कि गोलीबारी में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें दो को जानलेवा चोट आई है। पुलिस को गोलीबारी की सूचना दोपहर करीब 1:20 बजे मिली। पुलिस के पहुंचने पर स्कूल के अंदर छह लोगों और संदिग्ध हमलावर का शव मिला। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एयर लिफ्ट करके अस्पताल ले जाया गया। एक घायल की रास्ते में ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पास के एक घर की पहचान हुई। घर के अंदर दो लोग मृत पाए गए। आरसीएमपी ने कहा कि संदिग्ध हमलावर ने खुद को गोली मारी। यह देखा जा रहा है कि क्या इस घटना में कोई और संदिग्ध भी शामिल था। उल्लेखनीय है कि टम्बलर रिज छोटा शहर है और इसकी आबादी लगभग 2,400 है। पुलिस ने लोगों से घरों में रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है। आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने कहा कि टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टम्बलर रिज एलीमेंट्री स्कूल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं। पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस की अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं। उन्होंने सुरक्षा कारणों से और अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया। उन्होंने समुदाय के लोगों से अपील की कि जो लोग अपने परिजनों को ढूंढ रहे हैं, वे घर लौटें और पुलिस को काम करने दें।



