नई दिल्ली। 23 फरवरी।
रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र की कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सोमवार को निवेश के लिए खोल दिया गया। निवेशक इस आईपीओ में 25 फरवरी तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने आईपीओ के लिए 1000 से 1053 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने 21 फरवरी को एंकर निवेशकों से 921 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी ने 1053 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 87,46,437 इक्विटी शेयर एंकर निवेशकों को आवंटित किए। कुल 3100 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) विंडो के माध्यम से भी शेयर बेचे जा रहे हैं।
इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 14 शेयरों और उसके बाद 14 शेयरों के गुणक में बोली लगा सकते हैं। क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड एक वाणिज्यिक और औद्योगिक नवीकरणीय ऊर्जा समाधान प्रदाता कंपनी है, जिसकी स्थापना वर्ष 2010 में मुंबई में कुलदीप जैन, प्रताप जैन और निधि जैन ने की थी।



