नई दिल्ली, 26 फ़रवरी।
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच सकारात्मक रुख बना रहा। बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की, हालांकि शुरुआती दस मिनट में बिकवाली के दबाव से सेंसेक्स और निफ्टी में हल्की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद निवेशकों की लिवाली बढ़ने से दोनों प्रमुख सूचकांक फिर से हरे निशान में लौट आए। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.12 प्रतिशत और निफ्टी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
प्रमुख शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, मैक्स हेल्थकेयर और एचसीएल टेक्नोलॉजी में 1.87 प्रतिशत से 1.03 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं अदानी एंटरप्राइजेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोल इंडिया, एक्सिस बैंक और नेस्ले के शेयरों में 0.42 प्रतिशत से 0.11 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
सुबह 10 बजे तक बाजार में कुल 2,612 शेयरों में सक्रिय कारोबार हुआ, जिनमें से 1,917 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में और 695 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयरों में तेजी और 11 में गिरावट रही। वहीं निफ्टी के 50 में से 36 शेयर बढ़त और 14 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए।
बीएसई का सेंसेक्स 142.71 अंकों की मजबूती के साथ 82,418.78 के स्तर पर खुला। शुरुआती बिकवाली के कारण यह 82,244.99 तक फिसल गया, लेकिन बाद में खरीदारी के चलते दोबारा संभल गया। सुबह 10 बजे तक यह 99.06 अंकों की बढ़त के साथ 82,375.13 पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी 73.80 अंकों की तेजी के साथ 25,556.30 पर खुला। शुरुआती दबाव में यह 25,487.85 तक लुढ़का, लेकिन इसके बाद लिवाली से संभल गया। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 39.95 अंकों की मजबूती के साथ 25,522.45 के स्तर पर पहुंच गया।
पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 50.15 अंक (0.06 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 82,276.07 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 57.85 अंक (0.23 प्रतिशत) उछलकर 25,482.50 के स्तर पर बंद हुआ था।


.jpg)
