जैसलमेर, 31 जनवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय विश्व-विख्यात मरू महोत्सव-2026 के दूसरे दिन शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। लोक संगीत, नृत्य, परंपरा और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध लोक गायक सूरज चांगड़ा ने गणेश वंदना से की। इसके पश्चात लोक नृत्यांगना अरुशिखा ने घूमर एवं चरी नृत्य तथा अनु सोलंकी ने घुटना चकरी व रिंग डांस की जोशीली प्रस्तुतियों से दर्शकों में उत्साह भर दिया। वहीं, लोक कलाकार भरत द्वारा प्रस्तुत अग्नि नृत्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।राजस्थानी लोक कलाकार जमाल खान एवं शेर मोहम्मद ने भावपूर्ण एवं ऊर्जावान लोकगीतों से कार्यक्रम में लोक रंगों की सजीव छटा बिखेर दी। स्टेडियम में मधुर संगीत, रंग-बिरंगे नृत्य और परंपरागत प्रस्तुतियों ने उल्लास और उमंग का अनुपम वातावरण रच दिया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं सेलिब्रिटी कलाकार मधुमति बागची, जिन्होंने अपनी दमदार गायकी से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत अग्नि नंदिनी... महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र से की, इसके बाद आज की रात मज़ा हुस्न का..., उई अम्मा..., नीले नीले अम्बर पे..., इश्क है इश्क है..., तेरा मेरा नाता... एवं कजरे ने ले ली मेरी जान जैसे लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया।रात्रि कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा अत्याधुनिक ड्रोन शो, जिसमें 200 ड्रोन आसमान में उड़ते हुए कला, संस्कृति, विरासत एवं राष्ट्रप्रेम की मनमोहक आकृतियों का सजीव प्रदर्शन करते नजर आए। मंगलसिंह पार्क से संचालित इस ड्रोन शो को दर्शकों ने शहीद पूनम सिंह स्टेडियम से देखकर रोमांच और आनंद का अनुभव किया।इसके पश्चात प्रसिद्ध अलगोजा वादक पद्मश्री तगाराम भील ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी एवं उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल ने उन्हें साफा पहनाकर सम्मानित किया।कार्यक्रम के समापन पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसने पूरे स्टेडियम को प्रकाश और उत्साह से सराबोर कर दिया। उपस्थित दर्शकों ने इस मनोहारी संध्या का भरपूर आनंद लिया।



