प्रयागराज, 20 फरवरी।
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार मछुआ समाज की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत करने के लिए नई पहल कर रही है। सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मछुआ बहुल गांवों में “उत्सव घर” का निर्माण कराया जाएगा।
यह जानकारी प्रयागराज मत्स्य विभाग के कार्यकारी प्रभारी विजय प्रकाश शुक्ल ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि यह निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश सरकार की मछुआ कल्याण कोष योजना के तहत किया जाएगा। योजना के अंतर्गत हर विधानसभा क्षेत्र की उन ग्राम सभाओं को चुना जाएगा, जहां मछुआ समाज की आबादी अधिक है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में नामित कार्यदायी संस्था के माध्यम से उत्सव घर का निर्माण कराया जाएगा। इस क्रम में प्रयागराज जिले के सभी विकासखंडों से ऐसे गांवों की सूची तैयार की जा रही है, जहां मछुआ समुदाय की संख्या अधिक है। साथ ही चयनित गांवों में निर्माण के लिए उपलब्ध जमीन की जानकारी भी मांगी गई है।
मत्स्य विभाग ने इस संबंध में सभी विकासखंडों को पत्र भेज दिया है। गांवों की सूची प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीएलसी (जिला स्तरीय समिति) की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य है कि इन उत्सव घरों के माध्यम से मछुआ समाज को सामाजिक कार्यक्रमों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



