सीवान, 16 फ़रवरी।
महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में स्वच्छता बढ़ाने के लिए सोमवार को एक प्रेरक पहल देखी गई। एसडीएम अनीता सिन्हा अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सड़क पर उतरीं और स्वयं झाड़ू लगाकर तथा कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
राजेंद्र चौक, मोहन बाजार, शहीद स्मारक और अन्य जगहों पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान आमजनों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
नगर पंचायत के अधिकारी और अनुमंडल के कर्मचारी भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे। सभी ने मिलकर सड़क पर फैले कूड़ा-कचरे को हटाया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
एसडीएम अनीता सिन्हा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ी में पृथक रूप से डालें, ताकि कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण हो सके।
अनीता सिन्हा ने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ समाज की पहचान है। प्रशासन की इस पहल से लोगों में सकारात्मक संदेश गया और कई नागरिक स्वयं अभियान में जुड़कर सफाई में सहयोग करते नजर आए।



