वाराणसी, 13 फरवरी।
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर इस बार श्री काशी विश्वनाथ के विवाहोत्सव में देश-विदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों एवं मंदिरों से पावन भेंट और श्रद्धा-उपहार लगातार पहुँच रहे हैं। शुक्रवार को मलेशिया के मंदिरों से भी श्री काशी विश्वनाथ धाम में यह पावन भेंट एवं श्रद्धा-उपहार आया।
मलेशिया उच्चायुक्त कार्यालय की प्रतिनिधि शमिला पेरूगन यह उपहार लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुँची और भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के श्रीचरणों में अर्पित किया। यह जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से दी गई।
न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के नवाचार अंतर्गत मलेशिया के मंदिरों से भगवान श्री काशी विश्वनाथ महादेव को श्रद्धा-समर्पण प्राप्त हुआ है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिर न्यास ने एक विशेष आध्यात्मिक पहल प्रारंभ की है। इस नवाचार के तहत देश-विदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों एवं मंदिरों से पावन भेंट और श्रद्धा-उपहार विधिवत एवं श्रद्धापूर्वक भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के श्रीचरणों में अर्पित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मलेशिया स्थित मंदिरों द्वारा भेजे गए उपहारों में पूजन-सामग्री और अन्य पावन वस्तुएँ शामिल हैं, जिन्हें मंदिर न्यास द्वारा विधिपूर्वक स्वीकार किया गया। महापर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक एकात्मता का सशक्त प्रतीक बन गया है।



