कोलकाता, 16 मार्च 2026।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में प्रशासनिक ढांचे में बड़े पैमाने पर बदलाव जारी हैं, जिसमें पुलिस के शीर्ष स्तर पर भी फेरबदल किया गया है।
चुनाव आयोग ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार नंदा को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धिनाथ गुप्ता को राज्य का कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है, जिन्होंने पियूष पांडे का स्थान लिया।
साथ ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) विनीत गोयल को पद से हटाकर उनकी जिम्मेदारी 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय मुकुंद रनाडे को सौंपी गई है। वहीं, 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी नटराजन रमेशबाबू को महानिदेशक (कारागार) के पद पर नियुक्त किया गया है।
चुनाव आयोग ने नए पुलिस आयुक्त और नए कार्यवाहक डीजी को सोमवार दोपहर तीन बजे तक अपना कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है।
याद रहे कि रविवार को दिल्ली से चुनाव कार्यक्रम घोषित करते समय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया था कि कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और हिंसामुक्त चुनाव कराना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस क्रम में मतदान कार्यक्रम की घोषणा के कुछ ही घंटों में राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पदों से हटाकर क्रमशः दुश्मंत नारियाला और संगमित्रा घोष को नियुक्त किया गया।
इन सभी प्रशासनिक बदलावों के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में चुनाव के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासनिक शीर्ष स्तर पर तेजी से परिवर्तन लागू किया गया है।



