देहरादून, 16 मार्च 2026।
उत्तराखंड में स्थित पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। यह जानकारी श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार भेंट के दौरान दी।

भेंट के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष ने आगामी यात्रा व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित विषयों पर मुख्य सचिव के साथ चर्चा की। उन्होंने यात्रा के सुचारु संचालन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी यात्रियों के लिए सुविधाओं को सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



