रायपुर, 17 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में 20 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर के सभाकक्ष में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में आयुक्त कार्यालय ने प्रदेश के सभी सहायक आयुक्तों, प्राचार्यों, प्रोजेक्ट डायरेक्टर और भवन निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को आधिकारिक पत्र जारी कर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
बैठक का उद्देश्य प्रदेश में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की वर्तमान स्थिति का आंकलन करना, चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करना और आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर चर्चा करना है। अधिकारियों को अद्यतन रिपोर्ट और विद्यालयों के विकास संबंधी जानकारियों के साथ बैठक में उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है।
मंत्री रामविचार नेताम बैठक के दौरान योजना की प्रगति, संसाधनों का उपयोग और विद्यालयों में बच्चों के लाभ को सुनिश्चित करने के उपायों पर ध्यान देंगे। यह बैठक आदिवासी शिक्षा को और सुदृढ़ बनाने, बच्चों की गुणवत्ता शिक्षा सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं के लाभ को सही तरीके से लागू करने के लिए अहम मानी जा रही है।
प्रदेश के सभी जिम्मेदार अधिकारी समय पर बैठक में शामिल होकर आवश्यक जानकारी प्रस्तुत करेंगे, जिससे एकलव्य विद्यालयों की समीक्षा प्रभावी और सार्थक हो सके।



