भोपाल, 18 फ़रवरी।
मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के तीसरे दिन बुधवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे भारी कर्ज के विरोध में जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। विधायक महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने हाथों में खाली गुल्लक और नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे और सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश सरकार आंकड़ों की बाजीगरी में लगी हुई है, जबकि राज्य पर कुल कर्ज बजट से भी अधिक हो चुका है और प्रदेश की कमर टूट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेश की पीठ पर 5 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज लाद दिया है और यह कोई गुल्लक नहीं बल्कि जनता की तिजोरी है जिसे सरकार और उसके मंत्री डकार गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट सत्र से पहले ही 5,600 करोड़ रुपये का कर्ज लिया जाना इस बात का संकेत है कि प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाया जा रहा है। उमंग सिंघार ने आर्थिक सर्वेक्षण को झूठ का पुलिंदा बताते हुए दावा किया कि प्रति व्यक्ति मासिक आय 15–20 हजार रुपये बताई गई है, जो हकीकत से कोसों दूर है और सरकार से प्रदेश की वास्तविक आर्थिक स्थिति सार्वजनिक करने तथा बढ़ते कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।



