लखनऊ, 18 फरवरी।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी और किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
मायावती ने पत्रकारवार्ता में कहा कि मीडिया में यह चर्चा कि बसपा आगामी चुनाव गठबंधन में लड़ेगी, पूरी तरह झूठी और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा जनता को गुमराह करने वाली फेक न्यूज है, उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसे भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और पार्टी को मजबूत करने में अपना सहयोग दें।
बसपा प्रमुख ने बताया कि पार्टी अपने 2027 के मिशन में पूरी ताकत के साथ लगी हुई है और कुछ लोग तथा मीडिया ऐसी मनगढ़ंत खबरें फैलाकर ध्यान भटकाने का प्रयास करते हैं, उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि वे इस पर ध्यान न दें और हाथी की मस्त चाल की तरह चुनाव में अकेले दम पर लड़कर 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का प्रयास करें।
मायावती ने दिल्ली में आवंटित टाइप-8 सरकारी बंगले के बारे में कहा कि यह सुरक्षा कारणों और प्रोटोकॉल के तहत उन्हें दिया गया है और इसके संबंध में भ्रामक जानकारी फैलाना गलत है, उन्होंने चेताया कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, विरोधी साम, दाम, दंड, भेद जैसी चालें चलेंगे, इसलिए अम्बेडकरवादियों को केवल अपनी पार्टी और नेतृत्व पर भरोसा करके बाबा साहेब के आत्मसम्मान और स्वाभिमान के मूवमेंट को मजबूत करना होगा।



