मीरजापुर, 11 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नदिहार बाजार स्थित एक मोबाइल सेंटर में मंगलवार देर रात सेंध लगाकर चोर लाखों रुपये का सामान ले उड़े। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नदिहार गांव निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव बाजार में विनोद श्रीवास्तव के मकान में ‘मोबाइल सेंटर’ के नाम से दुकान संचालित करते हैं। प्रतिदिन की तरह मंगलवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार काटकर भीतर प्रवेश किया और वहां रखा कीमती सामान समेट लिया।
बुधवार सुबह जब दुकानदार ने शटर खोला तो पीछे की दीवार टूटी मिली और सामान बिखरा पड़ा था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पीड़ित के मुताबिक चोर 10 नए एंड्रॉयड मोबाइल, 50 कीपैड मोबाइल, मरम्मत के लिए आए 5 मोबाइल, 60 फोल्डर, 40 मेमोरी कार्ड तथा एक मॉर्फो मशीन उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने राजगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि तीन वर्ष पहले समीप की एक ज्वेलर्स दुकान में भी सेंधमारी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में दहशत है। थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि मोबाइल दुकान में चोरी की सूचना मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है और शीघ्र खुलासा किया जाएगा।



