अमेठी, 21 फ़रवरी।
बीते शुक्रवार को इन्हौना थाना क्षेत्र के करन गांव के जंगल में गौकशी की घटना में संलिप्त आरोपी जुनैद अहमद पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर सूचना पर इन्हौना पुलिस ने आरोपी को गंदा नाला से सेमरौता मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ा। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी।
मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। आरोपी के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और गौकशी उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में अन्य पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
फिलहाल, पुलिस जुनैद अहमद और अन्य आरोपियों के अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।



