वाराणसी, 14 फरवरी।
वाराणसी स्थित श्री विद्या मठ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पत्रकारों से कहा कि प्रयागराज में वीआईपी घाट का कोई कल्चर पहले नहीं था, उनकी सरकार आने के बाद ही यह वीआईपी घाट बना।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि कानून सबके लिए बराबर है, लेकिन स्वयं कानून का पालन नहीं करते। मुख्यमंत्री ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों को भी हटवा लिया है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। लोकतंत्र के मंदिर में खड़े होकर जो बातें कही जा रही हैं, उससे सही लोग शर्म महसूस कर रहे हैं।
लाठीचार्ज के प्रकरण पर अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सपा के शासनकाल में लाठीचार्ज हुआ था, जिसकी तुलना वर्तमान सरकार अपने साथ कर रही है। फिर उनके और सपा के कार्यकाल में क्या अंतर रह गया। उन्होंने कहा कि सदन में यह कहा जा रहा है कि उस समय मैं शंकराचार्य नहीं था, तो बता दूं कि मैं शंकराचार्य नहीं था। उन्हें इतना भी ज्ञान नहीं है और सदन में तथ्यविरुद्ध बातें कही जा रही हैं। सपा सरकार सत्ता के मद में थी, इसलिए लाठी चली। आज यह सरकार भी सत्ता के मद में चूर दिखाई दे रही है।



