यमुनानगर, 05 मार्च 2026
यमुनानगर में हुए राजीव हत्याकांड की जांच के दौरान लगातार नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। परिजनों के मुताबिक राजीव मार्च के पहले सप्ताह में अपनी प्रेमिका स्नेहा से शादी करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी बीच हुई उसकी हत्या से परिवार गहरे सदमे में है। मृतक के भाई हर्ष ने बताया कि राजीव और स्नेहा करीब डेढ़ वर्ष से एक-दूसरे के संपर्क में थे। परिवार को उनके रिश्ते की जानकारी थी और कई बार उन्होंने राजीव को सावधान रहने की सलाह भी दी थी, लेकिन वह स्नेहा के प्रति पूरी तरह समर्पित था।

हर्ष ने बताया कि राजीव अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा भी स्नेहा पर खर्च करता था। परिजनों के अनुसार 27 फरवरी को राजीव अचानक लापता हो गया था। अगले दिन स्नेहा उनके घर पहुंची और परिवार को बताया कि उसे राजीव के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस दौरान उसने परिवार के साथ सामान्य व्यवहार किया और उनके साथ भोजन भी किया। बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि उसी दौरान वह अपने दूसरे परिचित अमित के साथ मिलकर कथित रूप से हत्या की साजिश में शामिल थी।
हर्ष के मुताबिक एक मार्च को राजीव का 21वां जन्मदिन था और वह जन्मदिन के कुछ दिन बाद विवाह करने की योजना बना रहा था। जन्मदिन के लिए उसने स्नेहा के लिए एक सूट भी खरीदा था और इच्छा जताई थी कि वह उसी कपड़े में उससे मिलने आए। परिजनों ने बताया कि स्नेहा के कहने पर कुछ समय पहले राजीव ने अपने सीने पर उसके नाम का टैटू भी बनवाया था। बताया गया कि दोनों एक मेले में साथ गए थे, जहां स्नेहा ने उससे यह जिद की थी।
उधर एक मार्च को तीर्थ नगर के पास रेलवे लाइन के समीप जंगल में राजीव का शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में स्नेहा और उसके परिचित अमित को गिरफ्तार कर लिया है।


