रेवाड़ी, 26 फरवरी।
होली पर्व को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखकर मदार-रोहतक-मदार (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन एक मार्च से 31 मार्च तक संचालित होगी और रेवाड़ी व नारनौल स्टेशन पर भी ठहराव करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09639 मदार-रोहतक स्पेशल एक मार्च से 31 मार्च तक कुल 31 ट्रिप लगाएगी। ट्रेन प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे मदार से रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे रोहतक पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09640 रोहतक-मदार स्पेशल भी एक मार्च से 31 मार्च तक चलेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन दोपहर 1:20 बजे रोहतक से रवाना होकर रात 10:35 बजे मदार पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन मार्ग में किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीम का थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, पाल्हावास, झज्जर और अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहरेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष रेलसेवा में कुल नौ डिब्बे होंगे, जिनमें सात साधारण श्रेणी के कोच और दो गार्ड डिब्बे शामिल रहेंगे। इससे हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।



