नई दिल्ली, 19 फरवरी।
हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार हरे निशान के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 147.46 अंक यानी 0.18 फीसदी बढ़कर 83,881.17 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 50.55 अंक यानी 0.20 फीसदी की बढ़त के साथ 25,869.90 के स्तर पर खुला।
शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान एआई समिट के सकारात्मक प्रभाव के चलते आईटी सेक्टर सबसे अधिक तेजी के साथ उभरा, जिसमें 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा मेटल शेयरों में 0.60 फीसदी की मजबूती देखी गई। वहीं, बैंकिंग सेक्टर में हल्का दबाव रहा और निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ शीर्ष नुकसान में शामिल रहा।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले बुधवार को बीएसई का सेंसेक्स 283.29 अंक यानी 0.34 फीसदी बढ़कर 83,734.25 पर बंद हुआ था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.37 फीसदी की बढ़त के साथ 25,819.35 पर बंद हुआ था।



