नई दिल्ली, 20 फरवरी।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दिन की शुरुआत में घरेलू बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुले, लेकिन कुछ ही समय बाद बाजार ने संभलते हुए हरे निशान में वापसी कर ली। फिलहाल दोनों प्रमुख सूचकांकों में तेजी बनी हुई है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 121.68 अंक यानी 0.15 प्रतिशत बढ़कर 82,619.82 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 45.85 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,500.20 के स्तर पर पहुंच गया है। आज के कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है, जबकि सरकारी बैंकों के शेयरों में खरीदारी का रुझान बना हुआ है।
इसके अलावा, शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 27 पैसे कमजोर होकर 90.95 के स्तर पर पहुंच गया।
गौरतलब है कि गुरुवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स लगातार तीन दिनों की तेजी के बाद 1236.11 अंक यानी 1.48 प्रतिशत गिरकर 82,498.14 पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 365.00 अंक यानी 1.41 प्रतिशत टूटकर 25,454.35 के स्तर पर बंद हुआ था।



