सिरसा, 6 मार्च।
जिले के गांव अलीका में एक महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि गांव अलीका की रहने वाली कम्मो ने अपने बाथरूम की चौखट पर रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया था। घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार मृतका कम्मो का पति करीब आठ माह पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था और अभी तक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है। फिलहाल महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
इसी तरह गांव रत्ताखेड़ा में एक युवक की अचानक मौत हो गई। बताया गया है कि युवक अपने घर के आंगन में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दिनेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव में ही सैलून की दुकान चलाता था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।


