नोएडा, 10 फ़रवरी।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सूरजपुर क्षेत्र के डेल्टा-2 सेक्टर स्थित श्मशान घाट में आज सुबह 30 वर्षीय व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि मृतक के गले पर कटे हुए निशान हैं और हाथों पर खून है। पुलिस को आशंका है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, जबकि आसपास के लोग इसे हत्या की घटना बता रहे हैं।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि सुबह थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली कि डेल्टा-2 सेक्टर के श्मशान घाट में एक 30 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर जांच में पता चला कि मृतक राहुल, पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम साककपुर है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक समस्याओं के कारण वह कुछ दिनों से तनाव में थे। पुलिस ने आशंका व्यक्त की कि उन्होंने स्वयं अपने गले की नस काटकर आत्महत्या की है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी बुलायी गई और निरीक्षण किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मौके पर इकट्ठा भीड़ का कहना है कि यह हत्या का मामला हो सकता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



