वाशिंगटन, 25 फरवरी 2026
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में अपने पहले वर्ष की उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की नीतियों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अमेरिका का स्वर्णकाल है और इससे पहले देश इतना बेहतर कभी नहीं रहा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की स्वतंत्रता को 250 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और दुनिया में कोई भी देश अमेरिका जैसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सीमाएं सुरक्षित कर दी गई हैं और अवैध घुसपैठ पर प्रभावी रोक लगाई गई है। इस दौरान डेमोक्रेट सांसदों ने उनके भाषण का विरोध करते हुए सदन से वॉकआउट किया, जिसके जवाब में रिपब्लिकन सांसदों ने नारेबाजी की।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले आधिकारिक स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में अमेरिकी कैपिटल के हाउस चैंबर में कहा कि देश में अपराध दर कम हुई है और पूरे वर्ष में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि यह बदलाव पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण पाया गया है, लोगों की आय बढ़ी है और अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ महीनों में एक भी अवैध घुसपैठ की घटना नहीं हुई।
ट्रंप ने कहा कि देश में खतरनाक फेंटानिल ड्रग की आपूर्ति में 56 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि हत्या दर में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज हुई है और यह पिछले 125 वर्षों में सबसे कम स्तर पर है। राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने खराब अर्थव्यवस्था छोड़ी थी, लेकिन उनकी सरकार ने महंगाई को कम किया है और यह पिछले पांच वर्षों में सबसे कम स्तर पर है। गैसोलीन की कीमतों में भी कमी आई है और कई राज्यों में यह 2.30 डॉलर से कम हो गई है। मोर्गेज दरें भी कम बनी हुई हैं।
भाषण की शुरुआत में राष्ट्रपति ने कहा कि एक साल बाद वह गर्व और सम्मान के साथ कह सकते हैं कि देश में ऐसा बदलाव किया गया है जैसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सदियों तक प्रभावी रहेगा और अमेरिका कभी भी पुरानी स्थिति में नहीं लौटेगा।



