यमुनानगर, 25 फरवरी 2026
यमुनानगर एंटी नारकोटिक सेल ने कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवाइयों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 825 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं, जिन्हें बिना वैध दस्तावेजों के रखना और परिवहन करना कानूनन अपराध माना जाता है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम हथनीकुंड बैराज क्षेत्र के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में की गई जांच के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। ड्रग कंट्रोल विभाग से भी संपर्क किया गया, जहां से पुष्टि हुई कि बरामद दवाइयां प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परवेज और रणधीर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश से दवाइयां लाकर क्षेत्र में अवैध रूप से सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो अदालत में विचाराधीन हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



