वाशिंगटन, 13 मार्च 2026।
अमेरिकी वायुसेना का रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट (यूएस केसी-135) पश्चिमी इराक में लापता हो गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसकी पुष्टि की है। इस एयरक्राफ्ट में पांच सदस्य सवार थे, जिनकी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं, दूसरा रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट सुरक्षित रूप से लैंड कर लिया गया है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एक्स हैंडल से जारी जानकारी में बताया गया कि यह घटना ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान फ्रेंडली एयरस्पेस में हुई और बचाव कार्य जारी है। इसमें दो एयरक्राफ्ट शामिल थे, जिनमें से एक पश्चिमी इराक में गिर गया और दूसरा सुरक्षित रहा। घटना किसी दुश्मन की फायरिंग या फ्रेंडली फायरिंग की वजह से नहीं हुई।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने यह नहीं बताया कि कोई क्रू सदस्य घायल या मारा गया है। वायुसेना ने कहा कि केसी-135 फ्लाइट क्रू में आमतौर पर तीन से चार सदस्य होते हैं। इसमें पायलट, को-पायलट और बूम ऑपरेटर शामिल होते हैं। बूम ऑपरेटर हवा में दूसरे एयरक्राफ्ट में ईंधन भरता है।
वायुसेना के आधिकारिक दस्तावेज में कहा गया कि महत्वपूर्ण अभियानों में नेविगेटर की भी जरूरत होती है, जो दिशा की स्थिति का निर्धारण करता है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह कुवैत में तीन एफ-15ई स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट गोलीबारी के दौरान गिराए गए थे, लेकिन सभी छह क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।



