कासगंज, 6 मार्च।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में बृहस्पतिवार रात मामूली विवाद के बाद एक महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अमापुर थाना क्षेत्र के भगुपुरा गांव में बृहस्पतिवार देर शाम रुचि (40) पत्नी पवन कुमार का अपने पारिवारिक जेठ के बेटे शिवम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर शिवम रुचि को जबरन अपने घर खींचकर ले गया। वहां शिवम, उसके पिता और अन्य परिजनों ने मिलकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि रुचि के पति पवन लखनऊ में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। होली के अवसर पर वह घर आए थे और बृहस्पतिवार दोपहर वापस लखनऊ चले गए थे। रुचि अपने 10 वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ ससुराल भगुपुरा में रहती थी। हार्दिक गांव में पढ़ाई करता है, जबकि रुचि परिवार की खेती-बाड़ी संभालती थी।
ग्रामीणों के अनुसार रुचि के परिवार और उसके तहरे जेठ नीरज के परिवार के बीच पहले से संबंध अच्छे नहीं थे। बताया गया है कि बृहस्पतिवार को रुचि घर के बाहर बैठी थी, तभी उसके पालतू कुत्ते ने किसी ग्रामीण को काट लिया। इसी बात को लेकर जेठ के बेटे शिवम और रुचि के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर शिवम उग्र हो गया और रुचि को अपने घर ले जाकर परिजनों के साथ मिलकर मारपीट की। मृतका के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद रुचि के बेटे हार्दिक ने फोन से अपने पिता को सूचना दी। इसके बाद पवन ने गांव में जानकारी कर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रुचि को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी पटियाली ने शुक्रवार को बताया कि महिला के पति की शिकायत पर शिवम, उसके पिता नीरज और अन्य परिजनों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है।



