लखनऊ, 19 फरवरी।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने जापान सिटी और सिंगापुर सिटी विकसित करने का औपचारिक प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। 18 फरवरी को जारी पत्र के माध्यम से प्राधिकरण ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन को सूचित किया कि दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की पूरी तैयारी कर ली गई है।
पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जापान और सिंगापुर यात्रा के संदर्भ में इन दोनों सिटीज के लिए क्षेत्र चिन्हित करने और जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया था।
प्राधिकरण ने सेक्टर-5ए और सेक्टर-7 को इन परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित किया है। महायोजना के अनुसार दोनों सेक्टर मल्टीपर्पज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाएंगे। यहां कम से कम 70 प्रतिशत क्षेत्र औद्योगिक उपयोग के लिए निर्धारित है। इसके अलावा अधिकतम 12 प्रतिशत आवासीय, 13 प्रतिशत वाणिज्यिक और न्यूनतम 5 प्रतिशत क्षेत्र संस्थागत सुविधाओं के लिए तय किया गया है। इन सेक्टरों को एकीकृत औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है।
जापान सिटी के लिए सेक्टर-5ए, ग्रेटर नोएडा में 500 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। वहीं सिंगापुर सिटी के लिए सेक्टर-7, ग्रेटर नोएडा में 500 एकड़ क्षेत्र चिन्हित किया गया है। दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। विकास कार्य ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) मोड पर कराने का प्रस्ताव है।



