लखनऊ, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस ने मंगलवार के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके सदस्यों पर लाठीचार्ज किए जाने और हाउस अरेस्ट की घटनाओं को लेकर विरोध जताया।
कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने सदन में कहा कि कांग्रेसजन शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, लेकिन उन्हें विधानसभा में आने से रोक दिया गया और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना मुश्किल हो गया है।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सरकार अधिनायकवादी रवैया अपना रही है और हजरतगंज में ही विपक्ष को रोका जा रहा है।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने जवाब में कहा कि वह 1980 से विधानसभा में हैं और विपक्ष के समय भी प्रदर्शन होता था, कभी-कभी पुलिस कार्रवाई भी होती थी। उन्होंने विपक्ष की बात को संदर्भ में रखते हुए कहा कि शांतिपूर्ण धरना देने पर रोक नहीं लगाई जाती।
हालांकि, दोनों पक्षों की बहस के बाद यह मुद्दा सदन में अग्राह्य कर दिया गया।



