छोटी झागरिया (भोपाल), 06 मार्च।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी झागरिया में शुक्रवार सुबह एक किशोरी ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में नीम के पेड़ पर लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान खुशी पारदी (16) पुत्री बादल सिंह निवासी ग्राम छोटी झागरिया के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ाई कर चुकी थी और इन दिनों घर पर ही रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह वह घर से बिना बताए निकल गई थी। कुछ समय बाद गांव के पास खेत में नीम के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने भी पुलिस को दिए बयानों में आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।



