रांची, 11 मार्च।
हजारीबाग में रामनवमी पर डीजे बजाने की अनुमति न मिलने पर भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा के बाहर धरने पर बैठकर नाराजगी जताई। उन्होंने राज्य सरकार पर हिंदुओं के पर्वों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया।
विधायक ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी अपनी भव्यता और परंपरा के लिए प्रसिद्ध है, इसलिए डीजे पर रोक लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि इंटरनेशनल श्री चैत रामनवमी को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया जाए और जुलूसों में डीजे बजाने की अनुमति दी जाए।
प्रदीप प्रसाद ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं करता, तब भी रामनवमी के अवसर पर डीजे बजाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनता की धार्मिक भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मंगला जुलूस के दौरान डीजे के प्रयोग पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक डीजे जब्त किया था। जिला प्रशासन ने पर्वों के दौरान डीजे न बजाने और न्यायालय के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



