दमोह, 26 फरवरी।
मध्य प्रदेश के दमोह में निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय (पूर्व में सीएम राइज स्कूल) के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। इस अभियान का नेतृत्व कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने किया। संध्या के समय शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिसमें विद्यालय तक जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर बने सभी अवैध अतिक्रमण और अवरोधों को प्रशासनिक अमले ने हटा दिया। सीमांकन के आधार पर मार्ग के दोनों किनारों से अवरोध हटाकर रास्ता पूरी तरह साफ किया गया। कार्रवाई से पहले राजस्व विभाग ने स्थल का सीमांकन किया और स्वीकृत ड्राइंग व नक्शे के अनुसार आवश्यक भूमि चिन्हित की गई, जिसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। मौके पर पीडब्ल्यूडी, पीआईयू, राजस्व और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर कोचर ने बताया कि यह कदम विद्यालय निर्माण और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह विद्यालय पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में सीएम राइज स्कूल योजना के तहत स्वीकृत हुआ था। हाल ही में मुख्यमंत्र डॉ. मोहन यादव ने इसका नाम बदलकर संदीपनी विद्यालय करने की घोषणा की। नाम परिवर्तन और निर्माण कार्य में तेजी के साथ प्रशासन ने लंबित मामलों का समाधान करते हुए पहुंच मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया। अतिक्रमण हटने के बाद अब सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और देर रात तक चली कार्रवाई के बाद विद्यालय तक सुगम और व्यवस्थित मार्ग तैयार हो गया है।



