दंतेवाड़ा, 18 फरवरी।
सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन गणित विषय के प्रश्नपत्रों में बड़ी लापरवाही सामने आई, जब बालूद स्वामी आत्मानंद आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में 56 प्रश्नपत्र कम आने से हड़कंप मच गया और परीक्षार्थियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।
केंद्र में गणित (बेसिक) के 165 और गणित (स्टैंडर्ड) के 20 परीक्षार्थी दर्ज थे। निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक था, लेकिन बेसिक गणित के 56 प्रश्नपत्र कम भेजे गए। केंद्र प्रबंधन ने तुरंत बोर्ड को सूचना दी, जिसके बाद प्रश्नपत्रों की फोटो कॉपी कराई गई। करीब दो घंटे की देरी से 56 विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए और उनकी परीक्षा दोपहर 12:45 बजे शुरू हुई, जो शाम 3:45 बजे समाप्त हुई।
इस दौरान पेपर लीक की आशंका को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने परीक्षा देने वाले किसी भी छात्र को बाहर नहीं जाने दिया।



